झारखंड में राशन कार्डधारियों को मिलेगा केरोसिन, LPG किल्लत के बीच बड़ा फैसला

रांची: पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के बीच झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के राशन कार्डधारकों, खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को केरोसिन तेल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि रसोई व्यवस्था प्रभावित न हो।

Trulli

 

खाड़ी देशों में जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर भारत समेत कई देशों पर पड़ा है। एलपीजी गैस की संभावित कमी को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में केरोसिन वितरण शुरू करने का निर्णय लिया है।

 

सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सलाह दी है कि वे केरोसिन तेल से चलने वाले स्टोव की व्यवस्था कर लें, ताकि आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में खाना बनाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, झारखंड में कुल 9.72 लाख लीटर केरोसिन तेल का वितरण किया जाएगा। इसमें धनबाद जिले को 72 हजार लीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। अन्य जिलों में भी जरूरत के अनुसार आपूर्ति की जाएगी।

 

प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू तरीके से सुनिश्चित की जाए। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही केरोसिन का उपयोग करें।

 

सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी परिस्थिति में आम जनता की रसोई पर संकट न आए और उन्हें वैकल्पिक ईंधन की सुविधा समय पर मिल सके।