जमशेदपुर में टीएमएच गेट पर हंगामा, सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप; देखें वायरल वीडियो

जमशेदपुर: टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के मुख्य गेट पर मंगलवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब सुरक्षाकर्मियों और एक मरीज के परिजनों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों की ओर से अभद्रता और मारपीट करते हुए देखा जा सकता है।

Trulli

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक अपने बीमार पिता को अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) कराने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान मुख्य गेट पर हेलमेट पहनने को लेकर उसकी सुरक्षाकर्मियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षाकर्मियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

लोगों में आक्रोश, गेट जाम

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल के मुख्य गेट को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने संभाली स्थिति

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और जाम हटवाया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

वीडियो बना जांच का आधार

वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।