सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के बड़ा मामला सामने आया। थाना से सटे जागृति मैदान से सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह का शव बरामद किया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। बताया जा रहा है कि अरुण कुमार सिंह का शव मैदान के उत्तरी छोर पर स्थित एक मुर्गा दुकान के पीछे से बरामद किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार सिंह रांची से यहां मालखाना का चार्ज देने आए थे। वे पहले भी आरआईटी थाना में पदस्थापित रह चुके थे और अगले साल उनकी सेवा से सेवानिवृत्ति होने वाली थी।
स्थानीय लोगों ने शनिवार सुबह शव की जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।