जमशेदपुर में सनसनी: लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती ने लगाई खुद को आग, हालत नाजुक

जमशेदपुर: आजाद नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित चाणक्यपुरी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 22 वर्षीय युवती स्नेहा कुमारी ने खुद को आग के हवाले कर लिया। आग की लपटों में घिरी युवती को स्थानीय लोग प्रभात कुमार सिंह और जीतू सिंह परमार ने किसी तरह बचाया और तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक स्नेहा करीब 80 प्रतिशत झुलस चुकी है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

Trulli

 

जानकारी के अनुसार, स्नेहा कुमारी पिछले डेढ़ महीने से चाणक्यपुरी में मनोज पांडे के मकान में किराए पर रह रही थी। वह अपने प्रेमी शुभम सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। घटना के समय शुभम सिंह रांची में थे। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है और वे जल्द ही जमशेदपुर पहुंच रहे हैं।

 

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल, युवती के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आ पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और युवती के होश में आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना अचानक हुई और किसी को इसका अंदाजा तक नहीं था। इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

 

फिलहाल स्नेहा की जिंदगी और मौत के बीच जंग जारी है। टाटा मुख्य अस्पताल के डॉक्टर लगातार उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।