जमशेदपुर में सनसनी: युवक पर तलवार से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: शहर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 12 के पास रविवार रात एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Trulli

पीड़ित राजन खान, जो कपाली के निवासी हैं, ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह करलोस जैस्मिन फ्लैट (रोड नंबर 12) स्थित अपने दोस्त शारिक के घर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी कार पार्क कर बाहर कदम रखा, वहां पहले से मौजूद मोहम्मद नईम नामक युवक तलवार लहराता दिखा।

 

राजन के अनुसार, आरोपी अचानक उनके पास पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने 20 से 25 बार वार करने की कोशिश की। किसी तरह खुद को बचाते हुए राजन तुरंत कार में वापस घुस गए और आज़ाद नगर थाना को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद नईम को हिरासत में लेकर थाना ले गई। इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

 

पीड़ित ने बताया कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानते थे और ना ही उनका कोई पुराना विवाद था। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और उसकी हरकतों से आसपास के लोग पहले से ही परेशान थे।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।