सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। डुमटांड़-ईचागढ़ केनाल सड़क पर पाटपुर के पास शाम करीब साढ़े छह बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान चीतरी गांव निवासी 22 वर्षीय शंकर सिंह और उनके जीजा 55 वर्षीय रथु सिंह के रूप में हुई है। वहीं उनके साथ मौजूद 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार तीनों मिलन चौक से अपने गांव चीतरी लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उप मुखिया संतोष सिंह ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।