रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन की तबीयत शुक्रवार को अचानक फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में गहन निगरानी में रखा गया है। उनकी हालत को लेकर चिंतित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आनन-फानन में दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को पहले झारखंड विधानसभा के सत्र में भाग लिया और उसके बाद जगन्नाथपुर में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होते ही उन्होंने दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।
सूत्रों के अनुसार, शिबू सोरेन की तबीयत में पहले कुछ सुधार देखा जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को उनकी हालत दोबारा गंभीर हो गई, जिसके चलते डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी में लगी हुई है। फिलहाल अस्पताल की ओर से उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
शिबू सोरेन को हाल ही में सांस संबंधी दिक्कतों और कमजोरी की शिकायत के बाद दिल्ली लाया गया था। वे झारखंड की राजनीति के बड़े और प्रभावशाली चेहरे रहे हैं, जिनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से झारखंड में समर्थकों के बीच चिंता का माहौल है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली रवाना होने के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। झामुमो के कई वरिष्ठ नेता भी दिल्ली के लिए रवाना होने की तैयारी में हैं। प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं झारखंड की जनता और झामुमो कार्यकर्ताओं की ओर से शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए जारी हैं।