जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गोलमुरी स्थित NTTF हॉस्टल में रह रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है, जो मेगाट्रॉनिक्स ब्रांच का छात्र था। वह मूल रूप से छपरा का निवासी बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, छात्र अपने कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि कुछ सूत्रों के अनुसार मामला निजी संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने किसी भी अटकल पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
घटना के बाद हॉस्टल प्रबंधन और छात्रों के बीच शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।