जमशेदपुर: पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो रविवार को जमशेदपुर पहुंचे और अपहृत कैरव गांधी के परिजनों से मुलाकात की। वे प्रसिद्ध व्यवसायी एवं आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के आवास पर करीब 40 मिनट तक रहे और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कैरव गांधी की सकुशल वापसी के लिए अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया।

इस दौरान सुदेश महतो के साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव हरेलाल महतो, नंदू पटेल, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे। परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सुदेश महतो ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि जब राज्य में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे का क्या फायदा। मुख्यमंत्री निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए विदेश भ्रमण पर हैं और लंदन व दावोस जैसे स्थानों पर जा रहे हैं, लेकिन यदि राज्य में कानून-व्यवस्था ही ठीक नहीं होगी तो ऐसे दौरों का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकलेगा। खराब माहौल में निवेशक राज्य में आने से कतराएंगे।
सुदेश महतो ने कहा कि राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकती। राज्य में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से व्यवसायियों और आम जनता के बीच भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लोग डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की है और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर सत्यनारायण महतो, सुखबीर सिंह सिरे, अप्पू तिवारी, विमल मौर्या, मंटू शुक्ला, ललित सिंह, चंद्रेश्वर पांडेय, दुर्योधन महतो सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।