टाटा ग्रुप का बड़ा ऐलान: अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों के लिए बनेगा 1,000 करोड़ रुपये का ट्रस्ट

अहमदाबाद: देश के aviation इतिहास के सबसे बड़े हादसों में से एक – अहमदाबाद विमान दुर्घटना – में जान गंवाने वाले 260 लोगों के परिजनों के लिए टाटा ग्रुप ने एक अभूतपूर्व फैसला लिया है। समूह ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए 1,000 करोड़ रुपये के ‘AI171 ट्रस्ट’ के गठन की घोषणा की है। यह ट्रस्ट एयर इंडिया की उसी फ्लाइट के नाम पर रखा गया है, जो हादसे का शिकार हुई थी।

Trulli

 

इस ट्रस्ट के गठन की पुष्टि टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने की है। ट्रस्ट में टाटा संस द्वारा 500 करोड़ रुपये और टाटा ट्रस्ट्स द्वारा संभावित 500 करोड़ रुपये का योगदान किया जाएगा। ट्रस्ट का उद्देश्य पीड़ितों के परिजनों को दीर्घकालिक आर्थिक, सामाजिक और मानसिक सहायता प्रदान करना है।

बोर्ड की आपात बैठक में हुआ फैसला

टाटा संस के बोर्ड ने इस प्रस्ताव को गुरुवार को हुई एक आपात बैठक में मंजूरी दी। इस बैठक का आयोजन उस समय हुआ जब टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा अहमदाबाद में हादसे के स्थल और अस्पताल में भर्ती लोगों से मिलकर लौटे थे।

पहले ही घोषित हो चुकी है राहत राशि

टाटा ग्रुप पहले ही हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 1.25 करोड़ रुपये की सहायता राशि की घोषणा कर चुका है। अब ‘AI171 ट्रस्ट’ के माध्यम से दीर्घकालिक सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

ट्रस्ट में बाहरी विशेषज्ञ भी होंगे शामिल

सूत्रों के अनुसार, इस ट्रस्ट का संचालन टाटा ग्रुप के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्वतंत्र और बाहरी विशेषज्ञों की देखरेख में होगा ताकि पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।

हादसे में विदेशी नागरिक भी हुए शिकार

इस हादसे में 50 से अधिक विदेशी नागरिकों की भी मृत्यु हुई है। अनुमान है कि कुल मुआवजा 475 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जिसमें से अकेले एयर इंडिया की देनदारी 350 मिलियन डॉलर तक हो सकती है।

मानवता की मिसाल

यह पहला मौका नहीं है जब टाटा ग्रुप ने संकट के समय ऐसी पहल की हो। इससे पहले 2008 मुंबई हमलों के बाद भी समूह ने ‘ताज पब्लिक सर्विस वेलफेयर ट्रस्ट’ की स्थापना की थी, जिसने न केवल पीड़ितों की मदद की बल्कि कोविड-19 महामारी में भी अहम भूमिका निभाई थी।

चंद्रशेखरन का बयान

एन. चंद्रशेखरन ने कहा, “टाटा ग्रुप इस दुखद समय में सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। हम उनकी हरसंभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ‘AI171 ट्रस्ट’ हमारी संवेदना और ज़िम्मेदारी का प्रतीक है।” इस कदम को उद्योग जगत में समाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। एयर इंडिया ने भी सभी पीड़ित परिवारों के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी है और कहा है कि दावों का त्वरित निपटारा किया जाएगा।