जमशेदपुर की लापता महिला का शव गालूडीह बराज में मिला, परिजनों में मचा कोहराम

जमशेदपुर: रविवार सुबह गालूडीह बराज (डैम) में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान जमशेदपुर के भुईंयाडीह निवासी पूर्णिमा मांझी के रूप में हुई है, जो शनिवार सुबह से लापता थी। शव को सबसे पहले डैम में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने बहते हुए देखा और तुरंत गार्ड को सूचना दी। डैम का इलाका जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए गार्ड ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी।

Trulli

 

इधर, महिला का बेटा रोहित मांझी अपने दोस्तों के साथ मां की तलाश करते हुए सुबह करीब 10 बजे गालूडीह बराज पहुंचा। वहां शव को देखते ही वह बिलख पड़ा और मां की पहचान पूर्णिमा मांझी के रूप में की। रोहित ने बताया कि उसकी मां किसी बीमारी से पीड़ित थी और शुक्रवार को ही अस्पताल से छुट्टी के बाद घर लौटी थीं। शनिवार सुबह से वह अचानक गायब हो गई थीं, जिसके बाद परिजनों ने सीतारामडेरा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

 

घटना की जानकारी मिलते ही जादूगोड़ा थाना के एसआई नारायण मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मछुआरों की मदद से शव को बराज से बाहर निकाला और परिजनों को सौंप दिया मृतका के परिवार में पति, एक बेटा और एक बेटी हैं। पति होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। परिजनों के अनुसार, पूर्णिमा मानसिक रूप से भी तनाव में थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना को आत्महत्या की आशंका के तौर पर देख रही है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।