प्लेन में अल्लाहू अकबर बोलकर धमकी देनेवाला शख्स निकला हिंदू, ऐयरपोर्ट पर किया गया गिरफ्तार; यहां का है मामला

लंदन: ब्रिटेन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 41 वर्षीय भारतीय नागरिक अभय देवदास नायक ने EasyJet की फ्लाइट के दौरान अल्लाहु अकबर के नारे लगाते हुए फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान की आपात लैंडिंग स्कॉटलैंड के ग्लासगो एयरपोर्ट पर कराई गई। यह घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है।

Trulli

क्या हुआ फ्लाइट में?

EasyJet की यह उड़ान लंदन के ल्यूटन एयरपोर्ट से ग्लासगो के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान अचानक अभय नायक टॉयलेट से बाहर निकला और जोर-जोर से धार्मिक व राजनीतिक नारेबाजी करने लगा। चश्मदीदों के अनुसार, उसने फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी और एक महिला क्रू मेंबर से धक्का-मुक्की भी की।

घटना से फ्लाइट में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कुछ यात्रियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को काबू में कर लिया। इसके बाद फ्लाइट की आपात लैंडिंग कराई गई।

क्या है धमकी देने के पीछे की वजह?

फ्लाइट की लैंडिंग के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी तलाशी के दौरान एक बटुआ और “रिफ्यूजी स्टेटस कार्ड” मिला। पूछताछ में उसने कहा कि उसका उद्देश्य अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक अपनी बात पहुंचाना था, जो उसी समय स्कॉटलैंड के निजी दौरे पर थे।

कानूनी कार्रवाई और अगली सुनवाई

पुलिस ने अभय नायक पर विमान की सुरक्षा को खतरे में डालने, हवाई स्टाफ से मारपीट करने, और जनता को आतंकित करने जैसे गंभीर आतंकवादी और आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज किया है। उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को निर्धारित की गई है। पुलिस और आतंकवाद-निरोधी इकाइयाँ घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और गवाहों के बयानों की जांच कर रही हैं।

EasyJet और एयरपोर्ट प्रशासन की प्रतिक्रिया

EasyJet ने एक बयान में कहा कि यात्रियों की सुरक्षा कंपनी की प्राथमिकता है और उन्होंने संकट की स्थिति में प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य किया। सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।