रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को विधानसभा परिसर के बाहर एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि नगड़ी में प्रस्तावित RIMS-2 अस्पताल अब शिबू सोरेन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SSIMS) के नाम से जाना जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह निर्णय झारखंड की अस्मिता और गौरव से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन हमेशा गरीब, वंचित, आदिवासी, दलित और किसानों की आवाज रहे हैं। उनके योगदान को देखते हुए इस संस्थान का नाम उनके नाम पर रखा गया है।
डॉ. इरफान ने कहा कि SSIMS केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत में स्वास्थ्य सेवाओं का नया केंद्र बनेगा। यहां अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यह संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं में एक नयी क्रांति की शुरुआत करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस संस्थान से ग्रामीण और दूरदराज़ के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और राज्य के लोग बाहर इलाज कराने के लिए मजबूर नहीं होंगे।