झारखंड में ठंड से मिल सकती है थोड़ी राहत, कई जिलों में छाए रहेंगे बादल

झारखंड के मौसम का मिजाज थोड़ा बदला-बदला नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा है। अगले 24 घंटे में राज्य में न्यूनतम तापमान में 02 से 03 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। उसके बाद अगले तीन दिनों तक पारा 02 से 03 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा। 14 जनवरी 2025 को राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे के कोहरे या धुंध बनने के बाद आसमान साफ हो जाएगा। 15 से 18 जनवरी तक के मौसम पूर्वानुमान ने सुबह में कोहरे बनने के बाद आसमान में आंशिक बादल बनने की संभावना है। इस दौरान रांची और आसपास का तापमान 12 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

Trulli

रविवार को कोहरे की स्थिति देखी गयी। ज्यादातर जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की कोहरे के साथ दिन की शुरुआत हुई। इसके बाद दिन चढ़ने के साथ साथ आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। आसमान में आंशिक बादल बनने की वजह से शनिवार की अपेक्षा न्यूनतम तापमान में भी थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

राज्य का सबसे कम यानी न्यूनतम तापमान पश्चिमी सिंहभूम के जगरनाथपुर में 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान पलामू के डालटनगंज में 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। रांची का न्यूनतम तापमान 9.6℃ और चतरा में न्यूनतम तापमान 9.1℃ रिकॉर्ड किया गया। वहीं हजारीबाग का न्यूनतम तापमान 9.3 और गढ़वा का न्यूनतम तापमान 7.9℃ रिकॉर्ड हुआ। रांची से सटे रामगढ़ जिला का न्यूनतम तापमान 7.6℃ रिकॉर्ड किया गया।