जमशेदपुर के टेल्को में ट्रैफिक पुलिस की मनमानी: महिला को धक्का देकर गिराया, लोगों ने किया विरोध

जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार को ट्रैफिक पुलिस की मनमानी का मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में आक्रोश की लहर फैला दी। गोलमुरी ट्रैफिक थाना की पुलिस टीम द्वारा जी हॉस्टल के पास चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक महिला और उसकी छोटी बच्ची को निशाना बनाया गया।

Trulli

 

जानकारी के अनुसार, महिला अपनी स्कूटी पर अपनी बच्ची के साथ सवार होकर सड़क से गुजर रही थी। जैसे ही उसने पुलिस को देखा, वह घबरा गई और स्कूटी मोड़कर वापस जाने लगी। इसी दौरान ट्रैफिक थाना के सिपाही कमलेश राय ने दौड़कर उसे रोकने की कोशिश की और कथित तौर पर धक्का दे दिया। धक्का लगने से महिला सड़क पर गिर पड़ी और उसकी बच्ची भी बुरी तरह घबरा गई।

 

महिला के गिरते ही मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी असहज हो गए और तुरंत वहां से भाग निकले। जब महिला उठकर दोबारा जाने लगी, तो दोबारा कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और फिर से उसकी स्कूटी को पीछे से धक्का दे दिया, जिससे वह दोबारा असंतुलित हो गई। इस बार महिला को गंभीर चोटें आईं।

 

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस बर्बरता का विरोध किया और हंगामा शुरू हो गया। लोगों का कहना था कि ट्रैफिक नियमों की आड़ में पुलिस आम नागरिकों के साथ बदसलूकी कर रही है और महिलाओं की गरिमा का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है।

 

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से दोषी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

फिलहाल, घटना के बाद टेल्को क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और लोग पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं।

 

प्रशासन की प्रतिक्रिया:

इस पूरे मामले पर अभी तक गोलमुरी ट्रैफिक थाना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो सिपाही कमलेश राय को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर आम लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित है? महिला और बच्चे की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? स्थानीय लोग प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं, और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है।