रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से दो मासूम भाई-बहन के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस हरकत में आ गई है और बच्चों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। वहीं, परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर डरे और सहमे हुए हैं।

बच्चों की मां नीतू देवी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच दोनों बच्चे घर से बिस्किट खरीदने निकले थे। काफी देर तक जब बच्चे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे के आसपास दोनों बच्चों को शालीमार बाजार और शहीद मैदान के पास आखिरी बार देखा गया था। मां नीतू देवी ने बताया कि जिस दुकान से बच्चे अक्सर बिस्किट लेते थे, वह उस समय बंद थी। दुकान बंद होने के कारण दोनों बच्चे आगे की ओर बढ़ गए और संभवतः रास्ता भटक गए, जिसके बाद वे घर नहीं लौट सके।
घटना की जानकारी मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हर संभावित स्थान पर बच्चों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
इधर, बच्चों के लापता होने से पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है। स्थानीय लोग भी अपने स्तर से बच्चों की खोजबीन में जुटे हुए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।