जमशेदपुर के जुगसलाई में पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवती का शव, इलाके में सनसनी

जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के पंछी मोहल्ला स्थित पंछी बागान के पास मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात युवती का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।

Trulli

 

घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती कौन थी और यहां कैसे पहुंची।

 

पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 

इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।