रांची: आपातकाल दिवस पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने रांची पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर नरेंद्र मोदी युवा ब्रिगेड झारखंड प्रदेश की टीम ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन पर ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

स्वागत दल का नेतृत्व प्रदेश संयोजक सतीश कुमार सिंह ने किया। उनके साथ सह संयोजक राकेश मधु (बोकारो), अमित कुमार (धनबाद), अप्पू जयसवाल, राजेंद्र जी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने पुष्पगुच्छ और नारों के साथ मंत्री का अभिनंदन किया।
इस मौके पर उपस्थित युवाओं ने आपातकाल की भयावह यादों को याद करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प को दोहराया। युवा ब्रिगेड ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र पर एक काला अध्याय था, जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। गिरिराज सिंह ने भी अपने संबोधन में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संदेश दिया और कहा कि आज की पीढ़ी को इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रहित में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में भारी उत्साह और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।