जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में अब देश की शान वंदे भारत ट्रेन के कोच तैयार किए जाएंगे। इसके लिए एमएस वोल्टास रेल प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी द्वारा एक अत्याधुनिक कोच निर्माण इकाई की स्थापना की जाएगी, जिसकी कुल लागत करीब 4000 करोड़ रुपये होगी।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर बुधवार को जमशेदपुर परिसदन में बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं सलाहकार विष्णु गर्ग के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में परियोजना की अब तक की प्रगति और भावी विस्तार योजना पर विस्तृत चर्चा हुई।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि यह फैक्ट्री 300 एकड़ भूमि में फैली होगी और भविष्य में अतिरिक्त 400 एकड़ भूमि अधिग्रहित कर इसे और विस्तारित किया जाएगा। यह ईस्ट जोन की पहली ऐसी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी, जो वंदे भारत ट्रेनों के डिब्बों का निर्माण करेगी।
सबसे अहम बात यह है कि इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर 4000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह न केवल क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देगा, बल्कि बेरोजगारी की समस्या को भी काफी हद तक कम करेगा।
विधायक समीर मोहंती ने बैठक के बाद कहा कि,
“यह ऐतिहासिक परियोजना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही अबुआ सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहितैषी नीतियों का परिणाम है।”
उन्होंने यह भी बताया कि अगले माह राज्य सरकार और कंपनी के बीच एमओयू की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। परियोजना के धरातल पर उतरते ही यह बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र और पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए विकास का नया अध्याय लिखेगा। स्थानीय लोगों और युवाओं में इस परियोजना को लेकर उत्साह है, क्योंकि यह न केवल रोज़गार का बड़ा माध्यम बनेगा, बल्कि झारखंड को रेलवे कोच निर्माण में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान भी दिलाएगा।