रांची: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक तंज कसते हुए बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने पूछा है – “क्या नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को रिटायर होने वाले हैं?”

दरअसल, सुप्रियो भट्टाचार्य ने यह टिप्पणी केंद्र सरकार और भाजपा के नेताओं के बयानों को लेकर की है, जिसमें 75 वर्ष की उम्र पार करने वाले नेताओं को सक्रिय राजनीति से ‘सेवानिवृत्त’ मानने की बात कही जाती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खुद के तय मानकों के अनुसार 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल के हो जाएंगे, फिर क्या वे खुद रिटायर होंगे?
भट्टाचार्य ने यह सवाल उठाते हुए भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ दूसरों पर नियम थोपती है, जबकि अपने नेताओं के लिए उसे तोड़ देती है।
JMM नेता की यह टिप्पणी न केवल राज्य बल्कि देशभर की राजनीति में बहस का विषय बन गई है। हालांकि भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जानकारों का मानना है कि यह बयान आने वाले दिनों में राजनीतिक चर्चाओं को गर्म कर सकता है।
अब देखना ये होगा कि 17 सितंबर को सिर्फ मोदी जी का जन्मदिन मनाया जाएगा, या कोई ‘राजनीतिक मोड़’ भी सामने आएगा!