कांड्रा रेलवे ओवरब्रिज से महिला ने लगाई छलांग, बाल–बाल बची

सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक अज्ञात महिला ने रेलवे ओवरब्रिज से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि नीचे जमा कोयला डस्ट के कारण उसकी जान बच गई, हालांकि उसे अंदरूनी चोटें आई हैं।

Trulli

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे लोगों की नजर घायल महिला पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उठाया और ऑटो के जरिए कांड्रा थाना पहुंचाया। प्राथमिक जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने महिला को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।

 

पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पूछताछ के दौरान उसने अपने बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और महिला के परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

 

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।