रांची एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, इंडिगो फ्लाइट की हार्ड लैंडिंग से यात्रियों में दहशत

रांची एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E5066 लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान की रनवे पर हार्ड लैंडिंग हुई, जिससे उसमें सवार करीब 95 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। अचानक हुए जोरदार झटके से यात्री सहम गए, लेकिन सीट बेल्ट बंधी होने के कारण किसी को चोट नहीं आई।

Trulli

 

सूत्रों के अनुसार, यह विमान अपने निर्धारित समय से 9 मिनट पहले रांची पहुंचा था। लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी सामने आई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान रनवे पर सुरक्षित रोक लिया गया। हादसा टलते ही विमान को एप्रन पर ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 

इंडिगो एयरलाइंस की इंजीनियरिंग टीम द्वारा जांच के बाद विमान को तकनीकी खराबी की वजह से ग्राउंडेड घोषित कर दिया गया। इस बीच, रांची से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की चेकिंग और बोर्डिंग पहले ही हो चुकी थी, जिसके चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से तुरंत घोषणा कर यात्रियों को भरोसा दिलाया गया।

 

इसके बाद सभी यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दोपहर 3:26 बजे फ्लाइट संख्या 6E5062 से दिल्ली भेजा गया।

 

इस घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और पायलट की तत्परता को सराहा। वहीं, एयरलाइंस ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तकनीकी खराबी की विस्तृत जांच की जा रही है।