डीडी बार हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹2 लाख का इनामी मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा गिरफ्तार, नीरज सिंह से संपर्क का खुलासा

जमशेदपुर: शहर के चर्चित बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके कारण पुलिस ने उस पर ₹2 लाख का इनाम घोषित किया था।

Trulli

 

पुलिस की लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद आखिरकार विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी गिरफ्तारी को इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच में अहम सफलता माना जा रहा है।

 

जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण खुलासा सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा तथा अन्य फरार आरोपी कथित रूप से मामले के नामजद राजनेता नीरज सिंह के संपर्क में थे। जांच एजेंसियां अब इन संपर्कों और पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल कर रही हैं, ताकि साजिश से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

 

गौरतलब है कि बिष्टुपुर के डीडी (डबल डाउन) बार में हुई इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम काम कर रही है। साथ ही, इस मामले में सामने आए नए तथ्यों के आधार पर जांच का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।