जमशेदपुर: धातकीडीह तालाब से युवक का शव बरामद, तैरना जानने के बावजूद मौत से बढ़ी रहस्य की परतें

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां धातकीडीह तालाब से रविवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान धातकीडीह ए ब्लॉक, आलम फार्मा के पास रहने वाले ज़ीशान रियाज़ उर्फ जिस्सू के रूप में हुई है।

Trulli

 

शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

परिजनों के अनुसार, ज़ीशान शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे घर से यह कहकर निकला था कि उसे लौटने में देर होगी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक कोई संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

 

तलाशी के दौरान शनिवार को धातकीडीह तालाब के पास से ज़ीशान के कपड़े, मोबाइल और चप्पल बरामद किए गए, जबकि उसकी मोटरसाइकिल एफ-2 फ्लैट के पास खड़ी मिली। इसके बाद से ही आशंका गहराने लगी थी और पुलिस ने खोजबीन तेज कर दी थी।

 

रविवार सुबह आखिरकार उसी तालाब से ज़ीशान का शव बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक को तैरना आता था, जिससे यह मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

 

फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।