जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के मून सिटी स्थित साईं मंदिर के पास रविवार को एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में सितीज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला लगभग दोपहर 3 बजे की बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल MGM अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में पुरानी रंजिश सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले डिमना चौक पर सितीज के दोस्त ओम नामक युवक के साथ छिनतई का प्रयास हुआ था, जिसका उसने और उसके बड़े भाई ने विरोध किया था। इस संबंध में MGM थाना में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
घायल के परिजनों और दोस्तों का आरोप है कि मुख्य आरोपी शुभम सिंह, जो वार्ड पार्षद राजेश सिंह का भगना बताया जा रहा है, प्रभाव के कारण पुलिस कार्रवाई से बच निकला। यह भी आरोप है कि थाने से छूटने के बाद उसने ओम को फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी।
रविवार को सितीज सिंह, ओम की बुलेट मोटरसाइकिल लेकर किसी काम से मून सिटी गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने बाइक देखकर उसे ओम समझ लिया और अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में सितीज के सिर पर गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। उलीडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।