जमशेदपुर: शहर के सामाजिक संगठनों द्वारा मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से रविवार, 14 जून 2026 को बिष्टुपुर स्थित मिलनी हॉल में एक विशाल मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष शिविर का आयोजन Press Club of Jamshedpur, Prateek Sangharsh Foundation, The Milanee, Tata Steel Foundation एवं Gramin Bank के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

रक्तदान शिविर सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगा, जबकि उद्घाटन समारोह सुबह 10:30 बजे आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने शहर के सभी सम्मानित नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
आयोजकों ने बताया कि “रक्तदान महादान है” और शहर में कई ऐसे मरीज हैं जिन्हें दुर्घटना, ऑपरेशन, थैलेसीमिया, कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता पड़ती है। विशेषकर गर्मी के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त की कमी हो जाती है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे समय में समाज के जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। जिस प्रकार संकट की घड़ी में ब्लड बैंक और रक्तदाता जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आते हैं, उसी प्रकार समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का भी कर्तव्य है कि वह रक्तदान कर किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में अपनी भागीदारी निभाए।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचें, रक्तदान करें और इस सामाजिक एवं मानवीय कार्य को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। याद रखें, आपका एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।