जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती में बुधवार शाम हुई फायरिंग की घटना में राहुल नामक युवक की मौत हो गई। अज्ञात हमलावरों ने मज़ार के सामने राहुल पर गोली चला दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर पर ईंट से भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल राहुल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं एसपी सिटी, एएसपी समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।