झारखंड के पेंशनधारियों के लिए खुशखबरी एक साथ मिलेगा 3 माह का पेंशन

झारखंड के 11,80,191 पेंशनधारियों को चार माह बाद इस माह तीन महीने की पेंशन एक साथ मिलनी है। इन पेंशनधारियों को सितंबर तक की पेंशन मिल चुकी थी, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से संचालित पेंशन योजनाओं के तहत पेंशन वितरण में देरी हुई थी। कारण यह था कि केंद्र सरकार की ओर से पेंशन के लिए निर्धारित राशि नहीं मिली थी, लेकिन अब केंद्र सरकार ने अपने हिस्से की राशि उपलब्ध करवा दी है, जिससे पेंशन वितरण संभव हो सका।

राज्य में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन योजनाओं के तहत प्रति माह 1000 रुपये दिए जाते हैं। इसमें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित राशि के अलावा शेष राशि राज्य सरकार द्वारा दी जाती है। पेंशन राशि की निकासी के लिए केंद्र और राज्य दोनों की राशि एक साथ निकाली जाती है।

 

समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेंशनधारियों को अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर की पेंशन एक साथ दी जाएगी। इसके लिए विभाग जल्द ही दिशा-निर्देश जारी करेगा। हालांकि, जून तक ही राज्य को केंद्र सरकार से पेंशन राशि प्राप्त हुई थी और वित्तीय वर्ष 2024-25 के नौ महीने बीतने को हैं, ऐसे में छह महीने की राशि राज्य को नहीं मिल पाई थी।

झारखंड राज्य में पेंशन योजनाओं के तहत 9,02,998 वृद्ध, 2,51,780 विधवा और 25,413 दिव्यांग लाभुक पेंशन प्राप्त करते हैं। इनमें से 60 वर्ष से अधिक उम्र के बीपीएल वृद्धों को प्रतिमाह 1000 रुपये, 80 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धों को 1500 रुपये (केंद्र और राज्य मिलाकर) मिलते हैं। विधवा महिलाओं और दिव्यांगों को भी 1000 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। पलामू जिले में पेंशन पानेवाले सबसे अधिक 88,577 लाभुक हैं, जिसमें 76,108 वृद्धा पेंशन प्राप्त करते हैं। इसके अलावा रांची, गढ़वा, धनबाद, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, हजारीबाग और दुमका जिलों में भी बड़ी संख्या में पेंशनधारी हैं, जिन्हें अब जल्द ही उनकी लंबित पेंशन राशि प्राप्त होगी।