जमशेदपुर: Mango Bus Stand से रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के अंदर एक व्यक्ति की बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति शंकर पार्वती बस के नीचे सो रहा था। बताया जा रहा है कि बस चालक को इसकी जानकारी नहीं थी। जैसे ही चालक ने बस आगे बढ़ाई, बस का टायर सीधे व्यक्ति के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों के बीच अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोग मृतक को मानसिक रूप से अस्वस्थ बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि वह बस का खलासी था। हालांकि इस मामले में कोई भी आधिकारिक तौर पर कुछ कहने को तैयार नहीं है।
घटना की सूचना मिलने के बाद Sitaramdera Police Station की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल बस को भी थाना ले जाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।