झारखंड में सुबह-शाम ठंड, दिन में हो रहा गर्मी का एहसास, अब 4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

झारखंड में अब ठंड होने पर है। तापमान में थीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 03 से 04 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने जा रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे कम तापमान चतरा जिले में 5.8°C दर्ज किया गया, जबकि राज्य का अधिकतम तापमान सरायकेला खरसावां में दर्ज किया गया, जहां पारा 34.3°C तक पहुंच गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार आज से अगले दो दिनों तक राज्य में न्यूनतम तापमान में 03 से 04°C की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद अगले दो दिनों तक कोई बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान में 03 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद अधिकतम तापमान में 02 से 03°C की कमी आएगी। वहीं 10 से 15 फरवरी तक सुबह में कोहरा छाने के बाद आसमान अधिकांशतः साफ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज रांची का न्यूनतम तापमान 13°C और अधिकतम 29°C के बीच रहने की संभावना है।

इधर, रांची सहित राज्यभर में मौसम के मिजाज में काफी बदलाव आया है। 15 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और उससे कम हो गया। रांची, जमशेदपुर, डाल्टेनगंज, चाईबासा सहित अन्य जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया।