Target के प्रेशर में MR ने की आत्महत्या, परिजनों ने कंपनी पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप

धनबाद के चिरागोड़ा स्थित एक किराए के मकान में गुरुवार को 31 वर्षीय एमआर चिराग लक्ष्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।

Trulli

 

वह धनबाद में अकेले रहकर नौकरी करता था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

 

धनबाद थाना के एएसआई हरि प्रसाद नारायण ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं, मृतक के पिता कुंदन कुमार ने कंपनी और उसके अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

उनका कहना है कि नौकरी शुरू करने के बाद से ही चिराग पर लगातार काम और टारगेट पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा था। कंपनी के मैनेजर और कलेक्शन से जुड़े लोग उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिसके कारण वह काफी तनाव में रहने लगा था। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव झेल रहा था।