गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाशनगर में फायरिंग की घटना हूई। इस घटना में शंभू लोहार घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर परिजन शंभू के पास गए तो पाया कि शंभू लहुलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है। उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले गए जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। शंभू को आईसीयू में भर्ती किया गया है। इधर, सूचना पाकर सिटी एसपी कुमार शिवाषीश, डीएसपी सिटी, गोविंदपुर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
मामले को लेकर शंभू के परिजनों ने बताया कि शंभू मूल रूप से सरायकेला का रहने वाला है और प्रकाशनगर में अपने रिश्तेदार के घर रहकर मजदूरी करता था। वह घर की छत पर सोया हुआ था। अचानक तेज आवाज हुई। जब घर के लोग छत पर गए तो पाया कि शंभू घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। शंभू के छाती में गोली लगी है। इधर, मामले को लेकर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि घटना स्थल से खोखा और एक हथियार बरामद किया गया है।
जिस तरह से घटना हुई है उससे मामले संदिग्ध प्रतित हो रहा है। संभवत: गोली शंभू से ही चली हो। हालांकि पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है।