झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पश्चिमी ओडिशा क्षेत्र में बने लो-प्रेशर का असर आने वाले दिनों में राज्य पर पड़ेगा। इसके कारण 17 से 22 अगस्त तक रांची सहित कई जिलों में रोजाना हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Trulli

 

मौसम विभाग के अनुसार, 19 अगस्त को राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्से यानी कोल्हान और पलामू क्षेत्र में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, लातेहार, चतरा, गढ़वा सहित कई अन्य जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।

 

बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है। इसके लिए मौसम विभाग ने 19 से 22 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है।

 

मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले दो दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में मानसून कमजोर रहा। केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इस अवधि में सबसे अधिक 22.4 मिमी वर्षा खरसावां जिले में दर्ज की गई।