जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान शब्बे के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिटी एसपी ने बताया कि 8 जुलाई की देर रात मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला स्थित मजार गली के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे के साथ आफताब और सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस के अनुसार, घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीनों आरोपियों को रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में ले जाया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की।
इसी दौरान मुख्य आरोपी शब्बे ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। सब-इंस्पेक्टर संजय द्वारा की गई फायरिंग में शब्बे के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी बेहद उग्र था और उसकी फायरिंग से पुलिस टीम की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। ऐसे में आत्मरक्षा के तहत पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद हथियारों को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।