जमशेदपुर में शर्मनाक वारदात : पति ने पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर किया हमला, देह व्यापार का दबाव

जमशेदपुर : शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के ट्यूलाडूंगरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पति ने पत्नी को देह व्यापार के धंधे में धकेलने में असफल रहने पर उस पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का नाम चंदा सिंह है, जिसे परिजनों ने लहूलुहान हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।

Trulli

 

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उसने प्रेम विवाह कर ट्यूलाडूंगरी निवासी आकाश कांत लाल से शादी की थी। शादी के कुछ महीने बाद ही उसे पता चला कि उसका पति और ससुराल वाले देह व्यापार के धंधे में शामिल हैं। पति लड़कियों को इस धंधे में शामिल कर पैसा कमाता है।

 

कुछ दिन पूर्व आरोपी पति ने चंदा को चाईबासा ले जाकर देह व्यापार में उतरने का दबाव बनाया, लेकिन जब उसने साफ इंकार कर दिया तो वह गुस्से में आ गया। चंदा के मुताबिक, इसी बात को लेकर बीते दिन पति ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटना शुरू किया और फिर चाकू से उसके मुंह और शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया। आरोप है कि उसने चंदा के प्राइवेट पार्ट पर भी वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

किसी तरह जान बचाकर चंदा सोनारी स्थित अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को चंदा अपने परिजनों के साथ गोलमुरी थाना पहुंची और पति आकाश कांत लाल समेत सास-ससुर के खिलाफ देह व्यापार कराने और जानलेवा हमला करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

 

पीड़िता का कहना है कि उसका पति पहले भी कई बार देह व्यापार मामले में जेल जा चुका है और अब लगातार उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। चंदा ने आशंका जताई है कि आरोपी कभी भी उसकी हत्या कर सकता है और प्रशासन से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है।