जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुईलाडूंगरी इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां रहने वाली एक महिला ने अपने ही पति आकाश कांत लाल उर्फ पांडू पर अमानवीय प्रताड़ना और हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से उसे देह व्यापार करने के लिए दबाव डाल रहा था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी पति ने उसकी जान लेने की नीयत से उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला के चेहरे और शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए।
हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात यहीं नहीं थमी। आरोप है कि दरिंदे पति ने हैवानियत की हद पार करते हुए महिला के प्राइवेट पार्ट में कांच की बोतल डाल दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले में आरोपी पति आकाश कांत लाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
यह घटना न सिर्फ समाज को झकझोर देने वाली है, बल्कि महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा के गंभीर सवाल भी खड़े करती है।