दुर्गा पूजा के दौरान झारखंड में बारिश की आशंका जताई जा रही है। राज्यभर में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि पूरे दुर्गोत्सव के दौरान बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में दो नए निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हो सकते हैं, जिनका प्रभाव झारखंड के मौसम पर भी पड़ेगा। अनुमान है कि 15 सितंबर के बाद एक नया सिस्टम बनेगा, जिसके चलते दुर्गा पूजा के दौरान हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही, इस बार मानसून 15 अक्टूबर तक सक्रिय रह सकता है।

हालांकि अगस्त में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई। जहां औसत वर्षा 290.6 मिमी होनी चाहिए थी, वहीं केवल 251.5 मिमी ही रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 13% कम है। लेकिन मौसम विभाग का मानना है कि सितंबर में अच्छी बारिश की संभावना है। अगर महीने में तीन से चार दिन अच्छी वर्षा हो गई, तो सितंबर का औसत कोटा आसानी से पूरा हो सकता है।
फिलहाल, बंगाल की खाड़ी के उत्तर और मध्य हिस्से में बने सिस्टम के कारण यह सिस्टम ओडिशा से गुजरते हुए झारखंड को प्रभावित करेगा। इसके असर से 2 से 5 सितंबर तक राज्य में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर 2 सितंबर को दक्षिणी और मध्य झारखंड में भारी वर्षा के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
सितंबर माह में सामान्य बारिश 212.3 मिमी होती है।
2020 में सबसे कम 118.1 मिमी (44% कम) बारिश दर्ज हुई।
2021 में 290 मिमी (37% अधिक), 2022 में 318.8 मिमी (50% अधिक), 2023 में 273.6 मिमी (29% अधिक) और 2024 में 333.1 मिमी (57% अधिक) बारिश हुई।
अगस्त माह में इस साल 251.5 मिमी बारिश हुई, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे कम है। जबकि 2022 में सबसे अधिक 598.2 मिमी दर्ज की गई थी।