जमशेदपुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा ने मनाया जश्न, सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति बनाए जाने पर मिठाई बाँटी

जमशेदपुर: देश के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में श्री सी.पी. राधाकृष्णन के निर्वाचन पर पूरे देशभर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है। इसी कड़ी में रविवार को जमशेदपुर भाजपा ओबीसी मोर्चा ने साकची गोलचक्कर पर जोरदार जश्न मनाया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे, आतिशबाजी की और “भारत माता की जय” तथा “भाजपा ज़िंदाबाद” के नारे लगाए।

Trulli

 

जमशेदपुर भाजपा ओबीसी मोर्चा ने इसे ओबीसी समाज के लिए गौरव का क्षण बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण – का आभार व्यक्त किया।

 

ओबीसी मोर्चा, जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष सागर राय ने इस अवसर पर कहा, “श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी का उपराष्ट्रपति बनना पूरे ओबीसी समाज के लिए सम्मान और गर्व की बात है। यह फैसला इस बात का प्रमाण है कि भाजपा समाज के हर वर्ग को बराबरी का दर्जा देती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। यह केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे बहुसंख्यक समाज का सम्मान है।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने हमेशा “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को अपनाया है और यह ऐतिहासिक निर्णय इसी सोच को मजबूत करता है।

 

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। सभी ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

 

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष सागर राय, युवा मोर्चा सदस्य चिंटू सिंह, हिंदू जागरण मंच जिला अध्यक्ष बलवीर मंडल, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री राजकुमार शाह, मंडल अध्यक्ष राजकमल यादव, साथ ही महेंद्र प्रसाद बागोड़ा, विपिन यादव, सुरेश प्रसाद, हरिराम यादव, सुखसागर गुप्ता, विनोद चंद्र, सुधीर शर्मा, गोपी चौधरी और दीपक तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

पूरा माहौल उत्साह और खुशी से भरा हुआ था। कार्यकर्ताओं का मानना है कि श्री राधाकृष्णन का उपराष्ट्रपति पद पर आसीन होना आने वाले समय में भाजपा और ओबीसी समाज दोनों के लिए एक नया अध्याय साबित होगा।