जमशेदपुर: शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित संजय पथ पर हुई सनसनीखेज फायरिंग कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी टेका चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में घटना का विवरण साझा किया और बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

घटना और गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर की शाम करीब 5:50 बजे कुख्यात अपराधी टेका चौधरी ने तड़ीपार गुड्डू पांडेय के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे शहर से ही दबोच लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक हथियार भी बरामद किया है। हालांकि, इस मामले का दूसरा आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
अपराधिक इतिहास
पुलिस की मानें तो टेका चौधरी पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मानगो और एमजीएम थाने के अलावा दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह अमरनाथ हत्या कांड में भी जेल जा चुका है और फिलहाल उसी मामले में जमानत पर बाहर था। आरोपी मूल रूप से आस्था स्पेश टाउन का निवासी है।
घटना का तरीका
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि घटना के दिन टेका चौधरी बाइक से मौके पर पहुंचा था। उसने पहले गुड्डू पांडेय के घर की कॉल बेल बजाई और उसके बाद दोनों हाथों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना स्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया था, जो इस वारदात की पुष्टि करता है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस गिरफ्तारी अभियान में पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर, उलीडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार, एसआई रविंद्र पांडेय, विजय कुमार और एएसआई बीरबल उरांव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।