जमशेदपुर: जमशेदपुर में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की रात शहर एक बार फिर गोलियों की आवाज से दहल उठा। महज एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग इलाकों — जुगसलाई और गोलमुरी — में गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। पुलिस की सख्त निगरानी और लगातार चल रहे अभियान के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद दिखे।

पहली घटना जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में घटी, जहां अज्ञात अपराधियों ने स्थानीय युवक जाफर अली उर्फ़ मुर्गा राजू पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र में रात करीब 9 बजे घटी, जिसने पुलिस प्रशासन को हिला कर रख दिया।
सूत्रों के अनुसार, गोलमुरी में पुराने आपराधिक मामलों के आरोपी रवि खेड़ा के घर पर दो अज्ञात व्यक्ति दरवाजा खटखटाकर अंदर घुसे और उस पर गोली चलाने की कोशिश की। जब रवि खेड़ा ने विरोध किया तो दोनों के बीच हाथापायी हो गई और इसी दौरान गोली चल गई। इस फायरिंग में सतपाल सिंह नामक व्यक्ति घायल हो गया, जिसकी गोली पैर में लगी है। घायल को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि रवि खेड़ा ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों में दुबक गए। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर देख रही है और संभावना जताई जा रही है कि ये किसी आपसी रंजिश या गैंगवार का हिस्सा हो सकता है।
लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से जमशेदपुर के लोग दहशत में हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से शहर में बढ़ते अपराध पर तत्काल लगाम लगाने की मांग की है। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इन घटनाओं ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शहर में अपराधी इतने निडर कैसे हो गए हैं कि वे पुलिस की मौजूदगी में भी खुलेआम फायरिंग करने से नहीं डर रहे। जनता अब पुलिस से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।