जमशेदपुर: डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए झारखंड पुलिस ने आम नागरिकों को बड़ी राहत दी है। अब मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में लोगों को थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। झारखंड पुलिस ने इसके लिए पूरी तरह ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है, जिससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया आसान, तेज और पारदर्शी हो गई है।

झारखंड पुलिस की इस नई डिजिटल सेवा के तहत नागरिक citizen.jhpolice.gov.in वेबसाइट पर जाकर मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। वेबसाइट पर लॉगिन करने के बाद “Add Lost/Stolen Mobile Blocking Request” विकल्प के माध्यम से आवश्यक जानकारी भरनी होगी। आवेदन पूरा होते ही मोबाइल नंबर को ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिससे मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लग सकेगी।
अब तक मोबाइल गुम या चोरी होने पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए लोगों को कई बार थाना जाना पड़ता था। मोबाइल खरीद की रसीद, घटना का विवरण और अन्य दस्तावेजों के कारण प्रक्रिया काफी जटिल और समय लेने वाली होती थी। झारखंड में प्रतिदिन औसतन 30 से अधिक मोबाइल गुम या चोरी होने के मामले सामने आते हैं, ऐसे में यह नई व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करते समय मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, घटना का स्थान, जिला और थाना क्षेत्र की जानकारी देना अनिवार्य होगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी एक दस्तावेज को अपलोड करना होगा। साथ ही शिकायतकर्ता को ईमेल आईडी और संपर्क नंबर भी दर्ज करना होगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस संपर्क कर सके।
सभी जानकारियां सही-सही भरने और पुष्टि करने के बाद शिकायत सफलतापूर्वक दर्ज हो जाएगी। इसकी सूचना संबंधित थाना और जिला पुलिस को स्वतः मिल जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क भी कर सकेगी।
झारखंड पुलिस की यह पहल डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता का भरोसा बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है। नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी। अब मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं—बस ऑनलाइन शिकायत करें और तुरंत राहत पाएं।