नगर निकाय चुनाव को लेकर आरक्षण रोस्टर जारी, मानगो और जुगसलाई में महिला नेतृत्व तय

रांची: झारखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही मेयर, उपमेयर और वार्ड स्तर के आरक्षण की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।

Trulli

 

आरक्षण रोस्टर जारी होते ही कई नगर निकायों में नेतृत्व की तस्वीर साफ हो गई है। ताजा रोस्टर के अनुसार जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में मेयर पद अनारक्षित श्रेणी में रखते हुए महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इससे यह तय माना जा रहा है कि मानगो नगर निगम को इस बार महिला मेयर मिलेगा।

 

इसी तरह जुगसलाई नगर परिषद में भी अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इससे जुगसलाई में भी महिला नेतृत्व का रास्ता साफ हो गया है और महिला उम्मीदवारों की दावेदारी मजबूत हो गई है।

 

वहीं सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम में मेयर पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। यह सीट महिला के लिए आरक्षित नहीं होने के कारण यहां अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरुष उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर सकेंगे।

 

आरक्षण रोस्टर जारी होने के बाद राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। टिकट की दावेदारी, समीकरण और रणनीति को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही राज्य निर्वाचन आयोग नगर निकाय चुनाव की तिथियों की घोषणा कर सकता है, जिसके बाद शहरी राजनीति में सियासी हलचल और तेज हो जाएगी।