Breaking News: रांची से लापता भाई-बहन अश और अंशिका सुरक्षित मिले, दो आरोपी गिरफ्तार

रांची। रांची से लापता हुए भाई-बहन अश और अंशिका को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पुलिस को मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके में सुरक्षित पाए गए हैं। बच्चों के सकुशल मिलने से परिजनों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।

Trulli

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के पुलिस अधीक्षक स्वयं बच्चों को लेने के लिए रामगढ़ रवाना हो चुके हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

 

इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लापता होने की इस घटना में गिरफ्तार आरोपियों की अहम भूमिका रही है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम और इसके पीछे की असल वजह का खुलासा किया जा सके।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों बच्चों की हालत पूरी तरह सामान्य है और उन्हें किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। मेडिकल जांच और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

 

इस पूरे मामले में पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।