देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में जमशेदपुर निवासी विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के व्यस्त इलाके स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई, जहां जिम से लौटते समय दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 10 बजे की है। विक्रम शर्मा मॉल स्थित जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए हमलावर पैदल पहुंचे और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या सुनियोजित प्रतीत होती है। हमलावरों ने बेहद करीब से गोली मारी, जिससे बचाव का कोई मौका नहीं मिला। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बताया जाता है कि विक्रम शर्मा मूल रूप से जमशेदपुर के रहने वाले थे और प्रॉपर्टी डीलिंग व स्टोन क्रशर संचालन के व्यवसाय से जुड़े थे। सूत्रों के अनुसार उनका नाम दुमका जेल में बंद कथित माफिया डॉन अखिलेश सिंह से भी जोड़ा जाता रहा है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच की बात कही है।
घटना के बाद मॉल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत है। उल्लेखनीय है कि देहरादून में पिछले 15 दिनों के भीतर यह पांचवीं हत्या बताई जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या व्यवसायिक विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एसटीएफ की टीम भी मामले की गहन जांच में जुटी है। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का दावा किया है।