जमशेदपुर: तुरियाबेड़ा में रविवार सुबह एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की यह घटना एमजीएम थाना अंतर्गत क्षेत्र में हुई। आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया और परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, तुरियाबेड़ा निवासी वीरेंद्र कुमार के घर पर सुबह के समय आग लग गई। उस वक्त परिवार के अधिकांश सदस्य घर से बाहर थे, जबकि उनकी बहन दिव्या घर पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर में फैलने लगी। दिव्या ने तुरंत फोन कर परिजनों को घटना की सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन गली संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद आसपास के लोगों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में घर में रखा कूलर, टीवी, कपड़े, जरूरी कागजात सहित बहन की शादी का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस आगजनी की घटना में लगभग एक से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संकरी गलियों वाले इलाकों में अग्निशमन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।