Jamshedpur के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगोड़ा इलाके में मंगलवार देर रात फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार मुन्ना सिंह के पुत्र धर्मेन्द्र ने करीब आधा-आधा घंटे के अंतराल पर तीन राउंड फायरिंग की, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। हालांकि आरोपी धर्मेन्द्र वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व भी धर्मेन्द्र पर इलाके में एक एटीएम का शीशा तोड़ने का आरोप लगा था। उस मामले की जांच अभी जारी है। ताजा फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फायरिंग के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।