जमशेदपुर में फ्रिज फटने से लगी भीषण आग, लोगों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र के सी रोड में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में रखे फ्रिज में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही पलों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

Trulli

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग तेजी से फैलती देख लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़की से कूदकर बाहर निकलने का जोखिम उठाया। इस दौरान इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

 

स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल साबित हुआ। घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

 

इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फ्रिज में विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।