जमशेदपुर में हिमांशु की मौत के बाद बवाल, सिटी एसपी की गाड़ी पर पथराव; डीडी डबल डाउन कांड में 3 पुलिसकर्मी निलंबित, देखें वीडियो

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित DD Double Down Bar के बाहर हुई खूनी हिंसा के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान Tata Main Hospital (TMH) में मौत हो गई। हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

Trulli

 

गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और इस दौरान मौके पर पहुंचे सिटी एसपी Lalit Meena की गाड़ी पर पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

 

इधर, मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल पर मौजूद गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एएसआई रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और आरक्षी मनोज कुमार शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

 

गौरतलब है कि शनिवार देर रात डीडी डबल डाउन बार के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद अचानक हिंसक हो गया था। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के दौरान ही धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें हिमांशु सिंह और प्रत्युष गंभीर रूप से घायल हुए थे। बीच-बचाव के दौरान एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ था। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे।

 

हिमांशु सिंह की मौत के बाद अब इस मामले में हत्या की धाराएं जोड़े जाने की संभावना बढ़ गई है। पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन ने कहा है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

फिलहाल पूरे शहर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है।