Jamshedpur : शहर के Bistupur थाना क्षेत्र स्थित Double Down Pub & Bar के बाहर शनिवार देर रात हुई चापड़बाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गई। हिमांशु का इलाज Tata Main Hospital (TMH) में चल रहा था, जहां सोमवार शाम उसने अंतिम सांस ली।


हिमांशु की मौत के बाद यह मामला अब हत्या में बदल गया है, जिसके बाद पूरे बिष्टुपुर इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के विरोध में परिजन, स्थानीय लोग, क्षत्रिय समाज और Karni Sena के पदाधिकारी बड़ी संख्या में बिष्टुपुर थाना पहुंचे, जहां जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने बिष्टुपुर के रीगल गोलचक्कर को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

स्थिति को देखते हुए पूरे बिष्टुपुर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही टीएमएच परिसर में भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता और बार संचालक Neeraj Singh समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नामजद आरोपियों में विजय कुमार, सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार, अर्जुन लोहार, गणेश लोहार और लखन मार्डी शामिल हैं।
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मौके से सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 6 बजे से ही बार के अंदर विवाद शुरू हुआ था, जो देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। अब हिमांशु की मौत के बाद शहर में आक्रोश बढ़ गया है और लोगों की मांग है कि बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस घटना ने एक बार फिर जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था और देर रात संचालित बार-पब की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।