जमशेदपुर में बंद घर को बनाया निशाना, लाखों की चोरी से इलाके में दहशत

जमशेदपुरः शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रमोद नगर स्थित जूही रोड में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।

Trulli

 

परिवार के बाहर रहने का उठाया फायदा

मिली जानकारी के अनुसार, घर के मालिक गोविंद चंद्र हांसदा, जो पंजाब नेशनल बैंक में सीनियर बैंक मैनेजर हैं, इन दिनों अपने परिवार के साथ पंजाब गए हुए थे। घर खाली होने की जानकारी मिलते ही चोरों ने मौके का फायदा उठाया और बीती रात ताला काटकर घर में प्रवेश कर गए।

 

सुबह दाई ने देखा मंजर, बिखरा पड़ा था सामान

बुधवार सुबह जब घर में काम करने वाली दाई पहुंची, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर पूरा सामान बिखरा हुआ था। अलमारियां खुली थीं और ज्वेलरी के खाली डिब्बे बिस्तर पर पड़े मिले, जिससे साफ हुआ कि चोर कीमती सामान लेकर फरार हो चुके हैं।

 

सुनियोजित तरीके से वारदात को दिया अंजाम

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने घर के हर हिस्से को खंगाला और आराम से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

 

सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक घर में प्रवेश करते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

 

फिलहाल इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।